
कीव: यूक्रेन के सुमी शहर में रूस के मिसाइल हमले में 34 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 117 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों के अनुसार, हमला सुबह करीब 10.15 बजे हुआ जब लोग पाम संडे मनाने के लिए एकत्र हुए थे।
यह हमला रूस और यूक्रेन के वरिष्ठ राजनयिकों द्वारा एक-दूसरे पर अमेरिका नीत दोनों देशों के बीच चल रही वार्ता में तय शांति समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाने के एक दिन बाद हुआ है।
रूस के विदेश मंत्री ने आरोप लगाया है कि वार्ता शुरू होने के बाद भी यूक्रेन हर दिन रूस पर हमले करता रहता है। उधर, यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा है कि सीमित हमले करने पर सहमत होने के बाद भी रूस ने यूक्रेन में 70 मिसाइलें, 2200 ड्रोन, 6000 हवाई बम छोड़े हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस द्वारा दो बैलिस्टिक मिसाइलों के दागे जाने की खबरों की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हमले में कई लोगों की मौत हो गई और बचाव अभियान जारी है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार कई नागरिक मारे गए हैं और कई नागरिक घायल हुए हैं। केवल क्रूर लोग ही इस तरह से आम नागरिकों की जान ले सकते हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख एंड्री यारमक ने कहा कि हमले में अधिक से अधिक लोगों को मारने के लिए क्लस्टर गोला बारूद का इस्तेमाल किया गया था।
पिछले एक सप्ताह में नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया यह दूसरा हमला है। 4 अप्रैल को ज़ेलेंस्की के गृह नगर क्रेवी रिह में एक हमले में नौ बच्चों सहित 20 लोग मारे गए थे। जेलेंस्की ने हमले पर दुनिया भर के देशों से प्रतिक्रिया मांगी। वार्ता के बावजूद बैलिस्टिक और हवाई बम हमले बंद नहीं हुए हैं। एक आतंकवादी के खिलाफ जो कार्रवाई की जाती है, उसे रूस के खिलाफ करने की जरूरत है।
विश्व के अन्य नेताओं ने भी हमले की निंदा की है। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा है कि इस हमले का असर अमेरिका के नेतृत्व वाले दोनों देशों के बीच चल रही शांति वार्ता पर भी पड़ेगा।